हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवाली का त्योहार अपने परिवार के साथ मनाया। इस दौरान उन्होंने लाडवा विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों और स्थानों पर पहुंचकर ग्रामीणों से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री को अपने बीच देखकर ग्रामीणों में खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने लोगों का हाल-चाल जाना और सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिवाली अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। यह त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और मिल-जुलकर रहने का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से त्योहार को खुशी और सद्भाव के साथ मनाने की अपील भी की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परिवार सहित भगवान गणेश और मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश और प्रदेशवासियों के उज्ज्वल भविष्य, खुशहाली और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।


