हरियाणा के सहकारिता मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने चरखी दादरी में आयोजित लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में बिजली विभाग के एक जेई के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने काम में लापरवाही पाए जाने पर जेई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने को कहा।

बैठक में पार्षद कुलदीप और दीपक नागवान ने घसोला फीडर से जुड़े क्षेत्र में लगातार बिजली की समस्या का मुद्दा उठाया। शिकायत पर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कार्य में लापरवाही के चलते संबंधित जेई को पहले ही चार्जशीट किया जा चुका है।

इस पर मंत्री ने कहा कि जब कर्मचारी को काम में कोताही के लिए चार्जशीट किया गया है, तो मामले में कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने जेई को तुरंत निलंबित करने और कार्यप्रणाली में सुधार होने तक बहाल नहीं करने के निर्देश दिए।

बैठक में कुल 10 शिकायतें रखी गईं। इनमें पांच पुरानी और पांच नई शिकायतें थीं। अधिकारियों ने मौके पर ही आठ शिकायतों का समाधान किया। मंत्री ने लंबित मामलों को भी जल्द निपटाने के निर्देश दिए।

जिला राजस्व अधिकारी कार्यालय से जुड़ी एक शिकायत पर मंत्री ने कहा कि जांच प्रक्रिया में शिकायतकर्ता को भी शामिल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के समाधान में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Related Posts