पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार शहीद-ए-आजम भगत सिंह के सपनों को पूरा करने और उनके विचारों के अनुसार पंजाब को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है। लुधियाना स्थित पंजाब कृषि विश्वविद्यालय में भगत सिंह की जयंती पर आयोजित ‘जश्न-ए-इंकलाब’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगत सिंह के विचार देशभक्ति, समानता, न्याय और जनकल्याण से जुड़े थे। सरकार ने उनके सम्मान में मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रखा है। इसके अलावा मोहाली में 30 फीट ऊंची कांस्य प्रतिमा स्थापित की गई है।
मान ने बताया कि खटकड़ कलां में करीब 52 करोड़ रुपये की लागत से शहीद-ए-आजम भगत सिंह हेरिटेज कॉम्प्लेक्स विकसित किया जा रहा है। यहां उनके जीवन, संघर्ष और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी जानकारी आधुनिक तरीके से लोगों तक पहुंचाई जाएगी। कॉम्प्लेक्स में पैतृक घर, हेरिटेज स्ट्रीट, लाइब्रेरी, म्यूजियम जैसे हिस्सों के साथ ऑडिटोरियम, पर्यटक सुविधा केंद्र और अन्य सुविधाएं भी होंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना का उद्देश्य युवाओं को भगत सिंह और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह के सपनों का समाज बनाने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और जनकल्याण पर लगातार काम किया जा रहा है।
कार्यक्रम में पंजाबी कलाकारों की प्रस्तुतियों और ‘गगन दमामा बाजियो’ नाटक के जरिए भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत और विचारों को याद किया गया।


