श्री आनंदपुर साहिब के गांव जिंदवाड़ी में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब में नहरी पानी की पहुंच को लेकर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब राज्य के करीब 80% खेतों तक नहरी पानी पहुंच रहा है और सरकार इसे 100% तक ले जाने का लक्ष्य लेकर काम कर रही है।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए करीब 14,000 किलोमीटर लंबा पाइपलाइन नेटवर्क तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को दिन में बिजली, युवाओं को मेरिट के आधार पर रोजगार और लोगों को बेहतर शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाएं देने पर भी ध्यान दे रही है।
सीएम मान ने बताया कि पंजाब में 90% से ज्यादा घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली मिल रही है। वहीं, राज्य में करीब 45,000 किलोमीटर सड़कों के नवीनीकरण और सुधार का काम किया जा रहा है। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए 3,100 खेल स्टेडियम बनाने की योजना का भी उन्होंने जिक्र किया।
लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान छह ग्राम पंचायतों को गांवों के विकास के लिए 20-20 लाख रुपये के चेक सौंपे गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य पंजाब को विकास की राह पर आगे बढ़ाकर खुशहाल और समृद्ध बनाना है।


