पंजाब के बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सोंड ने कहा है कि राज्य में बिजली की रिकॉर्ड मांग के बावजूद लोगों को बिजली की कमी से जुड़ी कटौती का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने बताया कि रोपड़ स्थित गुरु गोबिंद सिंह सुपर थर्मल प्लांट की दो यूनिट फिलहाल बंद होने के बावजूद बिजली आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

मंत्री के अनुसार, दोनों बंद यूनिटों की कुल क्षमता 150 मेगावाट है। इनमें से एक यूनिट को बुधवार सुबह तक चालू करने की उम्मीद है, जबकि दूसरी यूनिट को कुछ दिनों में फिर से शुरू किया जाएगा।

सोंड ने बताया कि पंजाब ने हाल के दिनों में लगातार बढ़ी बिजली मांग को सफलतापूर्वक पूरा किया। 12 सितंबर को दोपहर 2:15 बजे राज्य में 16,268 मेगावाट की मांग पूरी की गई। इसके अगले दिन 13 सितंबर को सुबह 11:45 बजे 16,455 मेगावाट की मांग पूरी हुई।

14 सितंबर को दोपहर 3 बजे पंजाब ने 17,281 मेगावाट बिजली की मांग पूरी की। मंत्री ने इसे राज्य के इतिहास में अब तक की सबसे अधिक पूरी की गई बिजली मांग बताया।

उन्होंने कहा कि इतनी अधिक मांग और रोपड़ प्लांट की दो यूनिट बंद होने के बावजूद राज्य में बिजली की कमी नहीं हुई। सोंड के मुताबिक, बिजली विभाग ने मांग के अनुसार आपूर्ति बनाए रखी और कमी के कारण किसी क्षेत्र में बिजली कटौती नहीं की गई।

Related Posts