बटाला: बटाला में शुक्रवार सुबह बच्चों को स्कूल लेकर जा रही एक निजी स्कूल वैन सड़क हादसे का शिकार हो गई। बलपुरिया मोड़ के पास मारुति एजेंसी के नजदीक एक तेज रफ्तार वरना कार ने स्कूल वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क के बीचोंबीच पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल वैन रोजाना की तरह बच्चों को लेकर अपने निर्धारित रूट पर जा रही थी। जैसे ही वैन बलपुरिया मोड़ के पास मारुति एजेंसी के नजदीक पहुंची, तभी तेज रफ्तार वरना कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वैन सड़क पर पलट गई और उसमें सवार बच्चे अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, कुछ बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

112 और रोड सेफ्टी की टीमें मौके पर पहुंचीं

घटना की सूचना मिलते ही 112 और रोड सेफ्टी की टीमें मौके पर पहुंच गईं और हालात का जायजा लिया। हादसे के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

इस घटना ने एक बार फिर स्कूल वाहनों में सफर कर रहे बच्चों की सुरक्षा और सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरे को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और खासकर स्कूल वैन तथा बच्चों को लेकर चलने वाले वाहनों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतें।

Related Posts