हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पत्रकारों को लोकतंत्र की सजग चेतना बताते हुए कहा कि सत्य, जिम्मेदारी और जनविश्वास ही पत्रकारिता की वास्तविक ताकत हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल समाचार नहीं लिखते, बल्कि वर्तमान को शब्द देते हैं और भविष्य के इतिहास को आकार भी देते हैं।

संत कबीर कुटीर में सीनियर जर्नलिस्ट्स फोरम, चंडीगढ़ के वरिष्ठ पत्रकारों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाचार का हर शब्द समय का दस्तावेज होता है और हर तस्वीर समाज की चेतना का दर्पण बनती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र तभी मजबूत होता है, जब समाज में संवाद निरंतर, सार्थक और जीवंत बना रहे, जिसमें मीडिया की भूमिका सबसे अहम है।

मुख्यमंत्री ने भारतीय पत्रकारिता की परंपरा का उल्लेख करते हुए महर्षि नारद को पहला संदेशवाहक बताया और कहा कि उनका उद्देश्य सत्य, संतुलन और समाज कल्याण का संदेश देना था। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक, महात्मा गांधी और शहीद भगत सिंह की लेखनी के योगदान को भी याद किया।

उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया के दौर में सूचना तेजी से फैलती है, लेकिन सबसे महत्वपूर्ण उसकी सत्यता और प्रमाणिकता है। अनुभवी और जिम्मेदार पत्रकार समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि आलोचना लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन वह तथ्यों पर आधारित होनी चाहिए। समाज को केवल ब्रेकिंग न्यूज नहीं, बल्कि सकारात्मक और समाधान आधारित पत्रकारिता की भी आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के सम्मान और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मान पेंशन, समूह बीमा योजना और पत्रकार कल्याण कोष के माध्यम से आर्थिक सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। आयुष्मान भारत, चिरायु हरियाणा, मिशन बुनियाद, सुपर-100 और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार विकास के साथ समाज में विश्वास और सकारात्मक माहौल बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

Related Posts