हरियाणा सरकार ने हरियाणा अनुबंध कर्मचारी (सेवा सुरक्षा) अधिनियम, 2024 के दायरे का विस्तार करते हुए चार नई श्रेणियों के अनुबंध कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल दोबारा खोल दिया है। पात्र कर्मचारी 31 जुलाई तक secureemployees.csharyana.gov.in पर आवेदन कर सेवा सुरक्षा का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।

मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, पंजीकरण के बाद कर्मचारियों के सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाएगा। सत्यापन पूरा होने पर अधिनियम-2024 और नियम-2025 के तहत पात्र कर्मचारियों के नामों पर विचार किया जाएगा।

नई शामिल श्रेणियों में स्कूल शिक्षा विभाग के कंप्यूटर फैकल्टी और कंप्यूटर लैब अटेंडेंट, सूचना प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान विभाग (हारट्रॉन को छोड़कर) के माध्यम से कार्यरत अनुबंध कर्मचारी, तथा हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) में कार्यरत अनुबंध कर्मचारी शामिल हैं। ये श्रेणियां पहले पंजीकरण अभियान का हिस्सा नहीं थीं।

सरकार ने आवेदन प्रक्रिया के लिए तीन-स्तरीय सत्यापन प्रणाली लागू की है। 31 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन होंगे, 7 अगस्त तक संबंधित डीडीओ (DDO) सेवा रिकॉर्ड का सत्यापन करेंगे और 15 अगस्त तक विभागाध्यक्ष अंतिम अनुमोदन देंगे।

सरकार ने स्कूल शिक्षा विभाग, एचएसएससी और सभी उपायुक्तों को समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कोई भी पात्र कर्मचारी केवल प्रशासनिक देरी के कारण सेवा सुरक्षा के लाभ से वंचित न रहे।

इसके अलावा, मानव संसाधन विभाग ने खजाना एवं लेखा विभाग, हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) और हरियाणा नॉलेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (HKCL) को भी निर्देश दिए हैं कि नई श्रेणियों के कर्मचारियों का सेवा रिकॉर्ड और आवश्यक विवरण जल्द उपलब्ध कराया जाए, जिससे सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।

Related Posts