हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखा हमला बोला है। सैनी ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री को अपने प्रदेश की जनता से किए वादों पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन वह हरियाणा की चिंता करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भगवंत मान को सपने में भी हरियाणा का मुख्यमंत्री दिखाई देता है।
नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है। दूसरी ओर, पंजाब सरकार को अपने प्रदेश में रोजगार, किसानों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है।
पेपर लीक के आरोप पर भी घेरा
पेपर लीक गैंग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब सरकार से सीधा सवाल किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास पेपर लीक गिरोह से जुड़ी जानकारी है तो पंजाब पुलिस को कार्रवाई के लिए आगे बढ़ना चाहिए। सिर्फ राजनीतिक बयान देने से कोई समाधान नहीं निकलेगा।
‘भाजपा का गठबंधन पंजाब की जनता से’
सैनी ने कहा कि भाजपा का गठबंधन पंजाब के लोगों के साथ है। पार्टी प्रदेश की जनता के हितों और विकास के मुद्दों को लेकर अपनी बात मजबूती से रखती रहेगी। उन्होंने कहा कि राजनीतिक बयानबाजी के बजाय सरकारों को जनता की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।


