चंडीगढ़, 24 अप्रैल। हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि छात्र हितों के लिए प्रदेशभर के युवाओं एवं सामाजिक लोगों की एक महापंचायत हिसार में होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों में एक पार्टी विशेष की आइडियोलॉजी को प्रचारित एवं प्रसारित करने के लिए तो अनुमति दी जाती है लेकिन अन्य किसी भी छात्र संगठन को विश्वविद्यालयों में नहीं घुसने दिया जा रहा। दुष्यंत ने कहा कि ऐसी खराब व्यवस्था के खिलाफ उनका ये संघर्ष है और इसी कड़ी में छात्रों हितों के लिए महापंचायत बुलाई गई है।

उन्होंने शुक्रवार को हिसार, जींद, रोहतक और झज्जर जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 27 अप्रैल को अपने बच्चों के भविष्य के लिए ज्यादा से ज्यादा लोग इकट्ठा होकर हिसार के कार्तिमान पार्क में पहुंचे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कहीं ना कहीं हरियाणा सरकार भी हिसार घटनाक्रम के दोषी पुलिस वालों को बचाने में लगी हुई है और छात्र हित में लड़ी जा रही इस लड़ाई को कमजोर करने की कोशिश कर रही है, लेकिन हम संघर्ष जारी रखेंगे।

 

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उनकी लड़ाई किसी व्यक्ति विशेष या विभाग से नहीं है बल्कि पूरे घटनाक्रम के दौरान पुलिस द्वारा रची गहरी साजिश को नाकाब करने और छात्र हित में व्यवस्था परिवर्तन के लिए है। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि प्रशासन ने जांच के लिए एसआईटी तो गठित कर दी लेकिन एसआईटी का इंचार्ज ऐसे डीएसपी को बनाया है जो खुद रात को कार्यकर्ताओं की धरपकड़ करने गई टीम में शामिल थे, जिसकी वीडियो फुटेज हमारे पास है।

इतना ही नहीं इसी अधिकारी ने बिना जांच किए सीआईए और अन्य पुलिस वालों को क्लीन चिट दी है, जबकि हमारी शिकायत पर पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।

Related Posts