पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को छह कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन के रूप में उन्होंने कर्मचारियों की लंबित मांगों और समस्याओं पर चर्चा की। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों को जायज मांगों की जांच कर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
बैठक में हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कर्मचारियों के हितों को लेकर गंभीर है। सरकार उनकी समस्याओं को समझते हुए सहानुभूति और जिम्मेदारी के साथ समाधान करने का प्रयास कर रही है।
बैठक के दौरान छह कर्मचारी संगठनों ने वित्त मंत्री को अपनी मांगों से जुड़े ज्ञापन सौंपे। इनमें एसोसिएट प्री-प्राइमरी अध्यापक यूनियन पंजाब, स्पेशल कैडर अध्यापक फ्रंट पंजाब और जंगलात वर्कर्स यूनियन पंजाब शामिल रहे।
इसके अलावा आम आदमी क्लीनिक सांझा फ्रंट पंजाब, आउटसोर्स सेहत विभाग मुलाजिम यूनियन पंजाब और पंजाब पुलिस कोरोना वॉरियर्स के प्रतिनिधियों ने भी अपनी समस्याएं रखीं।
वित्त मंत्री ने सभी प्रतिनिधियों की बातें सुनीं और संबंधित विभागों को मांगों पर गंभीरता से विचार करने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कर्मचारियों की जायज समस्याओं का जल्द समाधान करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।


