खरड़, 22 अप्रैल: पंजाब सरकार की ‘बदलता पंजाब’ मुहिम के तहत शहीद लांस नायक रणजोध सिंह सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल, गांव तियूड़ में “पंजाब शिक्षा क्रांति” के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पंजाब वॉटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सन्नी सिंह आहलूवालिया ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. आहलूवालिया ने स्कूल में लगभग 10.97 लाख रुपये की लागत से बनी आधुनिक बायो लैब का उद्घाटन किया। इसके साथ ही सरकारी प्राइमरी स्मार्ट स्कूल, तियूड़ में करीब 7.48 लाख रुपये की लागत से तैयार नए कमरे का भी शुभारंभ किया गया। इस मौके पर शहीद लांस नायक रणजोध सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ऐसे विकास कार्यों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का माहौल मिलेगा। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार प्रोजेक्ट मॉडल का निरीक्षण कर उनकी सराहना भी की।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया, वहीं मेरिट में आने वाले छात्रों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। डॉ. आहलूवालिया ने कहा कि “पंजाब शिक्षा क्रांति” के तहत सरकारी स्कूलों को नई दिशा दी जा रही है और शिक्षा के स्तर को लगातार ऊंचा उठाया जा रहा है।
उन्होंने शिक्षकों से अपील की कि वे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आधुनिक शिक्षण विधियों को अपनाएं। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों से संवाद कर उनके विचार सुने और उन्हें भविष्य में मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर प्रिंसिपल हरभुपिंदर कौर और स्कूल स्टाफ, शहीद रणजोध सिंह के परिजन, आप नेता सोनू राणा, सरपंच सतीश राणा, एसएमसी सदस्य सुखजिंदर सिंह, अभिभावक एवं क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


