चंडीगढ़, 22 अप्रैल – हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उद्योगपतियों से आह्वान किया है कि उद्योगपति मेक इन इंडिया को ग्लोबल पहचान दिलाने के लिए उत्पाद बनाए। इसे लेकर देश के प्रधानमंत्री भी कह चुके हैं कि हमारे उत्पाद अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ही नहीं बल्कि उनसे बेहतर होने चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंपनियां ऐसे उत्पाद बनाए कि मेक इन इंडिया का मतलब बेहतर गुणवत्ता हो। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी बुधवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में हरियाणा की नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी को लेकर निवेशकों से सीधा संवाद कर रहे थे।
इस दौरान उन्होंने आटो सेक्टर, मैन्यूफैक्चरिंग सेक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर व अन्य सेक्टरों से जुड़े उद्योगपतियों से अलग-अलग मुलाकात की। इस दौरान न केवल उन्होंने नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी को लेकर उनके सुझाव लिए बल्कि स्वयं भी अपने विचार साझा किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि औद्योगिक निवेश के लिए हरियाणा सबसे बेहतरीन राज्य है। आज चाहे उद्योगों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात हो, चाहे सड़क कनेक्टिविटी की बात हो या मूलभूत सुविधाओं की बात हो, हर क्षेत्र में हरियाणा अव्वल है। औद्योगिक क्षेत्र के लिए बेहतर से बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं। सिंगल विंडो सिस्टम से कागजी कार्यवाही को संपन्न किया जा रहा है।
हरियाणा में उद्योगों के लिए बेहतरीन इको सिस्टम है, तभी देश की बड़ी बड़ी मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों की पहली पसंद हरियाणा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा जल्द ही अपनी नई इंडस्ट्रियल पॉलिसी लेकर आ रहा है, उसे लेकर उद्योगपतियों से सीधा संवाद हो रहा है, इससे इस पॉलिसी को और बेहतर बनाया जाएगा ताकि उद्योग ज्यादा से ज्यादा लाभ उठा सके और प्रदेश अधिक तरक्की कर सके।


