दिल्ली से बड़ी खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। यह धमकी ईमेल के जरिए विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता को भेजी गई थी, जिसके चलते सुबह 11 बजे शुरू होने वाली सदन की कार्यवाही को तत्काल रोक दिया गया।
सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब आधे घंटे तक जांच चली, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह एक फर्जी धमकी थी और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं। इसके बाद विधानसभा की कार्यवाही करीब आधे घंटे की देरी से दोबारा शुरू कर दी गई।
वहीं, डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ऐसी धमकियां सिरफिरे लोगों की हरकत हैं। उन्होंने कहा कि सरकार इस तरह की ध/मकियों से डरने वाली नहीं है और विधानसभा का कामकाज लगातार जारी रहेगा।


