चंडीगढ़, 17 अप्रैल— हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संत शिरोमणि कबीर दास जी के विचार और शिक्षाएं आज के दौर में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि कबीर जी ने 15वीं शताब्दी में समाज में व्याप्त धार्मिक कट्टरता, पाखंड और भेदभाव के विरुद्ध जो क्रांतिकारी आवाज उठाई थी, वह आज भी समाज को एकता, समरसता और विश्व बंधुत्व का मार्ग दिखाती है।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को पंजाब के मोहाली में संत कबीर जी के जीवन एवं शिक्षाओं पर आयोजित एक सेमिनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जहां संतों की वाणी गूंजती है, वह स्थान केवल सेमिनार नहीं बल्कि सत्संग का रूप ले लेता है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और अध्यात्म के माध्यम से शांति का अनुभव होता है।

इसके अतिरिक्त, ‘स्वर्ण जयंती गुरु दर्शन यात्रा योजना’ के तहत सिख धर्म से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। साथ ही ‘स्वर्ण जयंती सिंधु दर्शन योजना’ और ‘कैलाश मानसरोवर यात्रा योजना’ के माध्यम से भी श्रद्धालुओं को सहयोग दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर जी ने अपने जीवन के माध्यम से यह संदेश दिया कि समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उनके विचारों को अपनाकर ही एक समरस और भेदभाव मुक्त समाज का निर्माण संभव है।

उन्होंने आयोजकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि संतों की वाणी को केवल पढ़ना ही नहीं, बल्कि उसे अपने आचरण में उतारना ही सच्ची श्रद्धा है। मुख्यमंत्री ने संत कबीर दास जी के चरणों में श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए सभी नागरिकों से उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

Related Posts