फरीदाबाद के सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक दिवाली मेले का आयोजन किया जाएगा। चार दिन चलने वाले इस मेले का शुभारंभ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे। वहीं, 26 अक्टूबर को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में मेले का समापन होगा।

मेले में देशभर की कला, संस्कृति और हस्तशिल्प की झलक देखने को मिलेगी। करीब 300 स्टॉलों पर दिवाली की खरीदारी के लिए अलग-अलग तरह के उत्पाद उपलब्ध होंगे। यहां लोग सजावट का सामान, हस्तनिर्मित वस्तुएं और पारंपरिक शिल्प से जुड़ी चीजें खरीद सकेंगे। मेले में परिवार के साथ पहुंचने वाले लोगों को खरीदारी के साथ भारतीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर भी मिलेगा।

इस आयोजन का उद्देश्य देश की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना और स्थानीय कारीगरों तथा शिल्पकारों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है। इससे पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।

सूफी गायक कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति मेले का खास आकर्षण रहेगी। उनके कार्यक्रम के जरिए दर्शकों को संगीत का आनंद लेने का अवसर मिलेगा।

हरियाणा के मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, स्थानीय शिल्पकारों को प्रोत्साहन और पर्यटन को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

आयोजकों ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के लोगों से अपील की है कि वे सपरिवार सूरजकुंड पहुंचें और दिवाली मेले का आनंद लें।

Related Posts