हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को कुरुक्षेत्र-यमुनानगर मार्ग पर लाडवा में महाराजा शूरसैनी की भव्य प्रतिमा का लोकार्पण किया। करीब 98 लाख रुपये की लागत से तैयार इस प्रतिमा को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा शूरसैनी एक महान योद्धा, कुशल प्रशासक और न्यायप्रिय शासक थे। उन्होंने अपने शासनकाल में जनता के हितों को प्राथमिकता दी और सुशासन की मिसाल पेश की। उनका जीवन सत्य, न्याय, साहस और जनसेवा की प्रेरणा देता है।
शहरी स्थानीय निकाय विभाग की ओर से बनाई गई प्रतिमा के आसपास पार्क, आकर्षक लाइटिंग और सौंदर्यीकरण का काम भी किया गया है। महाराजा शूरसैनी चौक को मॉडल चौक के रूप में विकसित किया गया है। यहां सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महापुरुषों और संतों की विरासत को सहेजने के साथ उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह प्रतिमा युवाओं को महाराजा शूरसैनी के आदर्शों पर चलने की प्रेरणा देगी और लाडवा की सुंदरता बढ़ाने के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा देगी।
उन्होंने यह भी कहा कि लाडवा के विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। शहर में सड़क, सफाई, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के सदस्य और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


