नई दिल्ली/गुरुग्राम, 15 जून। हरियाणा के पूर्व मंत्री सुखबीर कटारिया और युवा कांग्रेस हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष निशित कटारिया ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात कर उन्हें राज्यसभा सांसद चुने जाने पर बधाई दी। इस दौरान हरियाणा में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष तेज करने को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
सुखबीर कटारिया ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को दक्षिण हरियाणा और गुरुग्राम क्षेत्र में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता के मुद्दों को लगातार मजबूती से उठा रही है।
वहीं निशित कटारिया ने अपने कार्यकाल के दौरान युवाओं के रोजगार, शिक्षा और अधिकारों से जुड़े आंदोलनों की जानकारी साझा की। उन्होंने एचएसएससी कार्यालय घेराव, रोजगार संबंधी मुद्दों और नीट पेपर लीक के विरोध में हुए प्रदर्शनों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कुरुक्षेत्र में आयोजित युवा प्रदर्शन के दौरान वाटर कैनन के इस्तेमाल से उन्हें चोटें भी आई थीं।
खड़गे ने निशित कटारिया के संघर्ष और युवाओं के अधिकारों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं की आवाज रही है। संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए पार्टी को जनता के बीच और मजबूती से काम करना होगा।
दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि कांग्रेस आने वाले समय में जनहित के मुद्दों को लेकर और अधिक मजबूती से संघर्ष करेगी तथा युवाओं को संगठन से जोड़ने का अभियान तेज करेगी।


