मोहाली में कृषि इनपुट्स के सुचारू प्रबंधन को लेकर जिला प्रशासन ने अहम कदम उठाए हैं। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल के निर्देशों पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. सुखजिंदर सिंह बाजवा ने खाद, बीज और पेस्टिसाइड डीलरों के साथ ब्लॉक स्तर पर बैठकों के निर्देश दिए।
बैठकों के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में यूरिया और डीएपी की कोई कमी नहीं है और इस संबंध में फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। किसानों को आश्वस्त किया गया कि उन्हें आवश्यक खाद समय पर उपलब्ध कराई जाएगी और घबराने की जरूरत नहीं है।
प्रशासन ने सभी डीलरों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे स्टॉक और बिक्री से जुड़े सरकारी नियमों की पूरी पालना करें। किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या टैगिंग को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
मुख्य कृषि अधिकारी ने कहा कि खादों की पारदर्शी और निष्पक्ष वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, कृषि विभाग द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसानों के हितों की पूरी तरह रक्षा की जा सके


