पंचकूला मार्च 31: प्राथमिक प्रशिक्षण केन्द्र भानू, पुलिस बल में आज अशोक नेगी, पी०एम०जी०, महानिरीक्षक, बी०टी०सी० के सम्मान में उनकी सेवानिवृत्ति के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बी०टी०सी० के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों एवं अन्य स्टाफ ने उपस्थित होकर उनके दीर्घ एवं उत्कृष्ट सेवाकाल को सम्मानपूर्वक याद किया।

ब्रिगेडियर जे०एस० गोराया, उप महानिरीक्षक ने कहा कि अशोक नेगी, महानिरीक्षक ने अपने कर्तव्य निर्वहन के दौरान उच्च स्तर की निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण का परिचय दिया। उन्होंने अपनी 37 वर्षो से अधिक की अद्वितीय सेवा के दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए फोर्स की प्रतिष्ठा को बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने अपनें अदम्य साहस, समर्पण एवं कार्यकुशलता से सीमा सुरक्षा के अतिरिक्त आतंकवाद एवं नक्सलवाद विरोधी अभियानों का सफलता पूर्वक नेतृत्व किया। उनके अदम्य साहस एवं वीरता को भारत सरकार एवं भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा भी प्रमाणित किया गया। अधिकारी को उनकी इस वीरता के लिए भारत सरकार के सर्वोच्च पदक पुलिस मैडल फार गैलेंट्री, पुलिस मैडल फार मैरिटोरियस सर्विस एवं पुलिस मैडल फार डिस्टिंग्विस सर्विस से भी विभूषित किया गया है।

अपने विदाई संबोधन में अशोक नेगी, पी०एम०जी०, महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं साथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि फोर्स में बिताया गया समय उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण एवं यादगार अध्याय रहेगा।कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

Related Posts