पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने श्री आनंदपुर साहिब में हुई घटना की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) बनाने का भरोसा दिया है। उन्होंने कहा कि जांच निष्पक्ष, पारदर्शी और जल्द पूरी की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन धर्म युद्ध मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान दिया। प्रतिनिधिमंडल ने गुरप्रीत सिंह खालसा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मामले की गहराई से जांच कराने की मांग रखी। इससे पहले सिख संस्थाओं की ओर से भी SIT जांच की मांग की गई थी।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि मामले की जांच में किसी भी तरह का दबाव या दखल स्वीकार नहीं किया जाएगा। कानून अपना काम करेगा और दोषी व्यक्ति को उसकी स्थिति या प्रभाव की परवाह किए बिना कार्रवाई का सामना करना होगा। उन्होंने कहा कि महिला के खिलाफ हुआ यह गंभीर अपराध बेहद दुखद है और दोषी को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में SGPC चुनाव का मुद्दा भी उठा। CM मान ने कहा कि चुनाव कराने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सरकार अपने अधिकार क्षेत्र में जरूरी कानूनी कदम उठाएगी। उन्होंने कहा कि सिख संस्थाओं और समुदाय से जुड़े मामलों को गंभीरता और सम्मान के साथ सुलझाना सरकार की प्राथमिकता है।


