सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस बीच गुरुवार को उनके डॉक्टर ने ताजा स्वास्थ्य बुलेटिन जारी करते हुए बताया कि भूख हड़ताल शुरू होने के बाद से उनका वजन 9 किलो से अधिक कम हो चुका है।
वांगचुक की सेहत पर नजर रख रहे वरिष्ठ जनरल फिजिशियन डॉ. सतीश लांबा के अनुसार, फिलहाल उनका ब्लड शुगर 80 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर और पल्स रेट 72 बीट प्रति मिनट दर्ज की गई। उनका रक्तचाप लेटे हुए 105/61 mmHg और बैठने की स्थिति में 101/65 mmHg रिकॉर्ड किया गया।
डॉ. लांबा ने बताया कि लंबे समय से भोजन नहीं करने के बावजूद वांगचुक के शरीर में पानी की कमी नहीं है और उनकी मानसिक स्थिति भी सामान्य बनी हुई है। हालांकि, लगातार घटता वजन चिंता का विषय है और उनकी सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सोनम वांगचुक 28 जून को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में कथित गड़बड़ियों के विरोध में जंतर-मंतर पर आयोजित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उसी दिन से उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी थी।
गौरतलब है कि ‘कॉजपा’ ने 6 जून से राजधानी दिल्ली में अपना आंदोलन शुरू किया था, जो बाद में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने में बदल गया। गुरुवार को इस प्रदर्शन का 27वां दिन रहा।


