हरियाणा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और 25 वर्ष की जनसेवा पूरी होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा ही संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी को इस अभियान का राज्य स्तरीय प्रभारी बनाया गया है।

मंत्री बेदी ने रविवार को नरवाना के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आम लोगों की शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान किया जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत हरियाणा के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में 180 स्थानों पर जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

अभियान की खास थीम ‘लाभार्थियों की जुबानी, सामने आएगी बदलाव की कहानी’ होगी। इसके तहत सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों के अनुभव साझा किए जाएंगे, ताकि यह बताया जा सके कि योजनाओं से उनके जीवन में क्या बदलाव आया।

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर तीन दिवसीय विशेष उत्सव भी होंगे। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मिशन इंद्रधनुष जैसी योजनाओं के लाभार्थियों की कहानियां भी सामने लाई जाएंगी।

मंत्री ने बताया कि 25 सितंबर से लाडो लक्ष्मी योजना का विस्तार होगा। अब सालाना 1.80 लाख रुपये तक आय वाली महिलाएं भी इसका लाभ ले सकेंगी। इससे योजना के संभावित लाभार्थियों की संख्या करीब 17 लाख हो जाएगी।

बेदी ने अधिकारियों से अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए आपसी समन्वय से काम करने को कहा।

Related Posts