पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरनाला जिले के टप्पा स्थित राजस्व कार्यालय में तैनात पटवारी मनीष कुमार को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

विजिलेंस ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी पटवारी के खिलाफ गांव भोतना, तहसील टप्पा, जिला बरनाला के एक निवासी ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, पटवारी ने उसकी जमीन का इंतकाल करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। इसलिए उसने इस मामले की शिकायत विजिलेंस ब्यूरो की पटियाला रेंज में की। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

कार्रवाई के दौरान पटवारी मनीष कुमार को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।

इस मामले में आरोपी के खिलाफ पटियाला स्थित विजिलेंस ब्यूरो थाने में भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। प्रवक्ता ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है। विजिलेंस ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।

Related Posts