पंजाब सरकार महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘नवी दिशा’ योजना चला रही है। सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि चालू वित्त वर्ष में सरकार ने करीब 9.75 करोड़ रुपये खर्च करके 2.45 करोड़ से अधिक सैनिटरी पैड मुफ्त बांटे हैं। इससे राज्य की 13.65 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिला है।
मंत्री ने बताया कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने नौ सैनिटरी पैड मुफ्त दिए जा रहे हैं। इसके लिए पूरे पंजाब में 27,314 आंगनवाड़ी केंद्रों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि ग्रामीण और जरूरतमंद क्षेत्रों की महिलाओं तक भी यह सुविधा पहुंच सके।
डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता का ध्यान रखना महिलाओं के स्वास्थ्य के साथ-साथ उनके सम्मान और आत्मविश्वास के लिए भी जरूरी है। इस योजना से जरूरतमंद परिवारों पर खर्च का बोझ कम हो रहा है। साथ ही, महिलाओं और किशोरियों को मासिक धर्म से जुड़ी सही जानकारी मिल रही है और पुरानी सामाजिक झिझक दूर करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, सम्मान और बेहतर जीवन के लिए ऐसी योजनाएं आगे भी जारी रखेगी।


