पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने केंद्रीय बिजली मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य में बिजली और कोयले की लगातार आपूर्ति सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री के अनुसार, केंद्र ने बिजली और कोयले की पर्याप्त आपूर्ति का भरोसा दिया है।
मान ने कहा कि पंजाब इस साल केंद्रीय पूल में 180 लाख मीट्रिक टन चावल दे रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में अनाज तैयार करने और किसानों को निर्बाध बिजली देने के लिए पर्याप्त बिजली जरूरी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार पचवारा कोयला खदान से आपूर्ति बनाए रखने के लिए कोल इंडिया और झारखंड सरकार के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि बिजली उत्पादन में किसी तरह की रुकावट नहीं आने दी जाएगी।
बैठक में शाहपुर कंडी बांध परियोजना से जुड़े मुद्दे भी उठाए गए। मान ने कहा कि परियोजना को लेकर बार-बार राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के नोटिस मिलने से काम प्रभावित होता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को रणजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध का दौरा करने का न्योता दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश की खाद्य जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है और राज्य में बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।


