पंजाब में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। ‘युद्ध नशियां विरुद्ध’ अभियान के तहत राज्यभर के 214 बस अड्डों पर विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 112 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 2.5 किलोग्राम हेरोइन तथा 2.5 किलोग्राम अफीम बरामद की।
यह कार्रवाई अभियान के 613वें दिन की गई। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने राज्य के बस अड्डों पर पहुंचकर संदिग्ध लोगों और गतिविधियों की जांच की। सार्वजनिक परिवहन स्थलों पर नशे की तस्करी रोकने और इस कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर रखने के लिए यह अभियान चलाया गया।
पुलिस का उद्देश्य बस अड्डों जैसे सार्वजनिक स्थानों को नशा तस्करी से मुक्त रखना और नशीले पदार्थों की सप्लाई पर रोक लगाना है।
पंजाब पुलिस के अनुसार, नशे के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इसके तहत तस्करों की पहचान, गिरफ्तारी और नशीले पदार्थों की बरामदगी पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि राज्य में नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


