पंजाब सरकार की ‘मेरी रसोई’ योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को राशन किट बांटने का अभियान तेजी से चल रहा है। दूसरे चरण में अब तक 31.57 लाख से अधिक परिवारों को राशन किट दी जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य हर तीन महीने में प्रदेश के 40 लाख पात्र परिवारों तक ये किट पहुंचाना है।

राशन किट वितरण में लुधियाना जिला सबसे आगे है। यहां अब तक 3,89,198 किट बांटी गई हैं। पटियाला 2,41,449 किट के साथ दूसरे और अमृतसर 2,01,095 किट के साथ तीसरे स्थान पर है। बठिंडा में 1,94,690 और होशियारपुर में 1,70,810 किट वितरित की गई हैं।

इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी और एक लीटर सरसों का तेल दिया जा रहा है। यह राशन राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले गेहूं के अतिरिक्त है।

मार्कफेड राशन किट तैयार कर रहा है, जबकि खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग वितरण की जिम्मेदारी संभाल रहा है। सरकार का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को अनाज के साथ पोषण से जुड़ी जरूरी खाद्य सामग्री भी उपलब्ध करवाना है।

Related Posts