पंजाब सरकार ने राजस्व कानूनगो एसोसिएशन की मांगों और समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक रुख अपनाया है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों का उचित समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व कानूनगो से जुड़े मामलों पर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि कर्मचारियों को अनावश्यक परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि जिन मांगों का वित्तीय पहलू है, उन्हें जल्द वित्त विभाग के पास भेजा जाए।
समस्याओं के समाधान के लिए वित्त विभाग, राजस्व विभाग, महालेखाकार कार्यालय (AG Office) और राजस्व कानूनगो एसोसिएशन के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त समिति बनाई जाएगी। यह समिति सभी मुद्दों पर चर्चा कर आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास करेगी।
हरपाल सिंह चीमा ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (राजस्व) को कर्मचारियों की जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार विभागीय कर्मचारियों के साथ बातचीत के जरिए समस्याओं का समाधान करने में विश्वास रखती है।
इस पहल से राजस्व विभाग के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों के समाधान की उम्मीद बढ़ी है।


