जियो प्लेटफॉर्म्स ने अपने कारोबार को आगे बढ़ाने के लिए तीन प्रमुख क्षेत्रों मोबिलिटी, होम ब्रॉडबैंड और एंटरप्राइज व अंतरराष्ट्रीय कारोबार पर ध्यान देने की योजना बनाई है। कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर आकाश अंबानी ने मुंबई में मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी।

आकाश अंबानी ने बताया कि जियो का लक्ष्य लोगों और कारोबारियों को बेहतर व किफायती डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है। कंपनी के पास फिलहाल करीब 53.3 करोड़ कनेक्टिविटी ग्राहक हैं और यह भारत के 60 प्रतिशत से अधिक डेटा ट्रैफिक को संभालती है।

जियो अपने होम ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या करीब 2.86 करोड़ से बढ़ाकर 10 करोड़ घरों तक पहुंचाना चाहता है। इसके लिए कंपनी फाइबर और वायरलेस तकनीक के जरिए अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है। कंपनी की नजर 4G और 5G मोबाइल सेवाओं के नए ग्राहकों पर भी है।

तीसरे क्षेत्र के तहत जियो अपने एंटरप्राइज डिजिटल कारोबार को बढ़ाने के साथ अपनी तकनीक को चुनिंदा विदेशी बाजारों में भी उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। कंपनी अंतरराष्ट्रीय दूरसंचार कंपनियों के साथ मिलकर काम करना चाहती है।

यह रोडमैप कंपनी के संभावित IPO से पहले सामने आया है।

Related Posts