पंजाब सरकार शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मंगलवार को विभिन्न कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की कई प्रमुख मांगों पर काम अंतिम चरण में है और जल्द सकारात्मक फैसला होने की उम्मीद है।
चीमा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए बनाई गई कैबिनेट उपसमिति के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। लंबित मांगों पर अंतिम आदेश जारी करने में आ रही प्रशासनिक अड़चनों को दूर किया जा रहा है।
बैठक में कच्चे अध्यापकों, ईटीटी शिक्षकों, बेरोजगार अध्यापकों, समग्र शिक्षा अभियान के कार्यालय कर्मचारियों और सहायता प्राप्त स्कूलों के गैर-वित्तपोषित कर्मचारियों के संगठनों ने हिस्सा लिया।
कर्मचारी प्रतिनिधियों ने सेवाएं नियमित करने, खाली पदों पर भर्ती, वेतन संबंधी समस्याओं और कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा से जुड़ी मांगें रखीं।
चीमा ने प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि लंबित मामलों का जल्द समाधान हो और कर्मचारियों को राहत मिले।


