पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को मोहाली में 801 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही राज्य सरकार के कार्यकाल में सरकारी नौकरी पाने वाले युवाओं की संख्या बढ़कर 71,777 हो गई है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए दिवाली का तोहफा बताया।
भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार में सभी भर्तियां बिना किसी सिफारिश और रिश्वत के केवल योग्यता के आधार पर की जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि अब तक किसी भी भर्ती में रिश्वत का मामला सामने नहीं आया है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि अगले सप्ताह 600 और युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के समय सरकारी नौकरियों में पैसे और सिफारिश का बोलबाला था। कई भर्तियां अदालतों में अटकी रहती थीं और उम्मीदवारों की उम्र निकल जाती थी। मौजूदा सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है।
मुख्यमंत्री ने नए कर्मचारियों से ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने युवाओं को UPSC की तैयारी कर IAS और IPS अधिकारी बनने के लिए भी प्रेरित किया।
मान ने कहा कि पंजाब स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर पहुंचा है। इसके अलावा नहरी पानी को खेतों तक पहुंचाने के लिए भी काम किया गया है। अब करीब 18 हजार क्यूसेक पानी नहरों के जरिए खेतों तक पहुंच रहा है। सरकार का लक्ष्य रोजगार, शिक्षा, खेती और खेल के क्षेत्र में पंजाब को आगे बढ़ाना है।


