गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (जीएनडीयू) के 50वें गोल्डन जुबली कान्वोकेशन समारोह में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज दोपहर 12 बजे अमृतसर पहुंचेंगी। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय के 463 विद्यार्थियों को डिग्रियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 74 अंडरग्रेजुएट, 102 पोस्टग्रेजुएट, 270 पीएचडी डिग्रियां शामिल हैं। इसके अतिरिक्त मेमोरियल मेडल भी प्रदान किए जाएंगे। परिसर और आसपास के इलाके को बैरिकेडिंग के साथ सील किया गया और तलाशी के बाद ही लोगों को एरिया में प्रवेश दिया जा रहा है।
राष्ट्रपति मुर्मू के दौर को देखते हुए पंजाब पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के बेहद कड़े इंतजाम किए हैं। अमृतसर के साथ-साथ गुरदासपुर, जालंधर, तरनतारन और लुधियाना से 2500 से अधिक अतिरिक्त पुलिसकर्मी शहर में तैनात किए गए हैं। पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित है, जबकि अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
कार्यक्रम में राष्ट्रपति के साथ पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सांसद बिक्रम साहनी और अमृतसर लोकसभा सांसद गुरजीत सिंह औजला भी मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा नाकों की संख्या बढ़ाई है तथा VIP मूवमेंट के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है।
जीएनडीयू के 56 साल के इतिहास में यह तीसरा अवसर है जब कोई भारतीय राष्ट्रपति संस्थान का दौरा कर रहा है । वही राष्ट्रपति मुर्मू के दौरे को लेकर संपूर्ण व्यवस्था में पुलिस और प्रशासन सतर्क हैं, जिससे आम जनता और प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


