पंचकूला 17 जून: हरियाणा योग आयोग, आयुष विभाग, पंचकूला तथा सीआरपीएफ (CRPF) सेंटर, पिंजौर के संयुक्त तत्वावधान में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार को प्रातः 6:00 बजे से 8:00 बजे तक सीआरपीएफ सेंटर, पिंजौर में योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन श्री अरविंद राय, डीआईजी, जीसी, सीआरपीएफ, पिंजौर के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष डॉ. जयदीप आर्य और उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार तथा सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारियों श्री निसार मोहम्मद, कमांडेंट, जीसी पिंजौर एवं श्री पंकज चौधरी, कमांडेंट, 190 बटालियन द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि हरियाणा योग आयोग को योग के माध्यम से सीआरपीएफ के वीर जवानों की सेवा करने का अवसर प्राप्त हुआ है, जो आयोग के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित रहने वाले जवानों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने इस आयोजन के लिए सीआरपीएफ का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

उपायुक्त श्री सतपाल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक उत्कृष्ट पद्धति है। योग व्यक्ति को तनावमुक्त, अनुशासित एवं सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है तथा इसके माध्यम से स्वस्थ हरियाणा और स्वस्थ भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों, जवानों एवं अन्य प्रतिभागियों ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। कार्यक्रम के उपरांत “हरित योग” अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण एवं औषधीय महत्व को ध्यान में रखते हुए औषधीय पौधों का रोपण भी किया गया। इस अवसर पर योग एवं पर्यावरण संरक्षण के परस्पर संबंध को रेखांकित करते हुए सभी उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

Related Posts