चंडीगढ़ , 28 मई -हरियाणा में ग्रीन पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को पानीपत में इलेक्ट्रिक बस डिपो का उद्घाटन किया तथा 80 इलेक्ट्रिक सिटी बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि पानीपत की ऐतिहासिक और पावन धरती से आज हरियाणा में स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था के नए युग की शुरुआत हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वीरवार को रवाना की गई 80 इलेक्ट्रिक बसों में पानीपत के लिए 40, यमुनानगर के लिए 15, कुरुक्षेत्र और सोनीपत के लिए 10-10 तथा पंचकूला के लिए 5 बसें शामिल हैं। यह केवल बसें नहीं हैं, बल्कि हरियाणा के स्वच्छ, सुगम और आधुनिक भविष्य की नई शुरुआत हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पानीपत में लगभग 7 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक इलेक्ट्रिक बस डिपो तैयार किया गया है। इसके अलावा प्रदेश के 8 अन्य जिलों में भी इलेक्ट्रिक बस डिपो निर्माणाधीन हैं, जहां बसों की चार्जिंग की आधुनिक व्यवस्था उपलब्ध करवाई जाएगी। सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को ‘ग्रीन इंडिया’, ‘नेट जीरो’ और ‘सस्टेनेबल डेवलपमेंट’ का विजन दिया है। पूरी दुनिया आज पर्यावरण संरक्षण और ग्रीन एनर्जी की दिशा में आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री ने पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने तथा इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने का आह्वान किया है और हरियाणा सरकार उसी सोच को धरातल पर उतारने का कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बस सेवा से पेट्रोल और डीजल पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी तथा लोगों को सुरक्षित, आरामदायक और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सिटी बस सर्विस लिमिटेड शहरी जीवन को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। हाल ही में हरियाणा विजन-2047 के अंतर्गत परिवहन सेवाओं के अगले पांच वर्षों के रोडमैप की समीक्षा की गई है। तेजी से बढ़ते शहरी क्षेत्रों को देखते हुए शहरों में लोकल बसों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Posts