पंचकूला, 25 मार्च- महिला एवं बाल विकास विभाग, हरियाणा द्वारा पंचकूला जिले को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत वर्ष 2025 में राज्य का सर्वाधिक लिंगानुपात प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, पंचकूला डॉ. सविता नेहरा तथा जिला मिशन समन्वयक किरण भाटिया को महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री श्रुति चौधरी द्वारा सम्मानित किया गया।

यह उपलब्धि पंचकूला जिले के निरंतर प्रयासों और समर्पित कार्यशैली का परिणाम है। जिले में लिंगानुपात सुधारने हेतु डॉ. सविता नेहरा एवं उनकी टीम द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रभावी पहल की गई। ग्रासरूट स्तर पर उन गर्भवती महिलाओं से दूरभाष के माध्यम से नियमित संपर्क स्थापित किया गया, जिन महिलाओं के पास पहले से बेटियां हैं। दूरभाष पर संपर्क के दौरान उन महिलाओं को लिंग जांच करना तथा करवाना गैरकानूनी है, इस बारे भी जागरूक किया गया ताकि गर्भपात के मामलों को रोका जा सके।

साथ ही, दूरभाष के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार ग्रहण करने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई तथा गर्भपात के होने वाले गंभीर नुकसानों के प्रति भी जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि बार-बार या असुरक्षित गर्भपात से महिलाओं के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है, जैसे अत्यधिक रक्तस्राव, संक्रमण, कमजोरी, भविष्य में गर्भधारण में कठिनाई तथा कई मामलों में जान का भी खतरा हो सकता है। इसलिए सुरक्षित मातृत्व को अपनाना और गर्भावस्था को पूर्ण अवधि तक बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।

Related Posts