पंचकूला, 25 मार्च : उपायुक्त सतपाल शर्मा की अध्यक्षता में लघु सचिवालय के सभागार में जिला स्तरीय सतर्कता एवं निगरानी समिति तथा जिला स्तरीय मैनुअल स्कैवेंजर सतर्कता एवं निगरानी समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। उन्होने संबंधित अधिकारियों को पीडितों को बिना विलंब किए जल्द से जल्द न्याय दिलवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बैठक में अनुसूचित जाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के अंतर्गत जिले में दर्ज समस्त प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर विलंब स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकारी प्रावधानों के अनुसार राहत राशि एवं अन्य सहायता सुविधाएँ पात्र पीड़ितों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।
जिला कल्याण अधिकारी विशाल बंसल ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि वित्त वर्ष 2025-26 में अब तक जिले के 26 पीड़ितों को 14,12,500 रूपये – (चैदह लाख बारह हजार पाँच सौ रुपये) की राहत राशि वितरित की जा चुकी है। यह आँकड़ा जिला प्रशासन की अनुसूचित वर्गों के कल्याण के प्रति सक्रिय प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है। उपायुक्त ने जिला कल्याण कार्यालय द्वारा किए गए कार्यो की सराहना की और आगे भी और बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में कार्यकारी अभिंयता पब्लिक हेल्थ समीर शर्मा, गैर सरकारी सदस्य सुदेश बिडला, अशोक शर्मा, अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


