मुंबई, 2 नवंबर 2026: रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने महाराष्ट्र के कर्जत में ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का भूमिपूजन किया। करीब 100 एकड़ में बनने वाले इस परिसर में 5,000 से ज्यादा अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर और परिवार जैसा माहौल देने की योजना है। इस कार्यक्रम में ईशा अंबानी भी शामिल हुईं।

इस परियोजना का मकसद ऐसे लोगों को सुरक्षित जगह देना है, जिन्हें देखभाल और सहारे की जरूरत है। यहां रहने वालों को सिर्फ रहने की जगह ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, पुनर्वास और रोजगार से जुड़ी सुविधाएं भी मिलेंगी।

माता-पिता को बच्चों के भविष्य की चिंता से मिलेगी राहत

भूमिपूजन के दौरान नीता अंबानी ने कहा कि वह चाहती हैं कि जिन माता-पिता को अपने बाद बच्चों की देखभाल की चिंता रहती है, उन्हें भरोसा मिले कि उनके बच्चे आगे भी सुरक्षित रहेंगे और उन्हें अपना घर-परिवार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि अनंत आश्रय उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है। इसका उद्देश्य हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीवन जीने और भविष्य के प्रति उम्मीद बनाए रखने का अवसर देना है।

अस्पताल, शिक्षा और रोजगार की भी होगी व्यवस्था

अनंत आश्रय परिसर में छोटे-छोटे घर बनाए जाने की योजना है, जहां नियुक्त कर्मचारी रहने वालों की देखभाल करेंगे। इसके अलावा विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र और फिजियोथेरेपी जैसी सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं।

यहां बच्चों और अन्य निवासियों के लिए शिक्षा, खेल, संगीत और कला से जुड़ी गतिविधियां होंगी। बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्रों के जरिए कौशल सीखने और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की भी योजना है।

परिसर में मंदिर, बगीचे और वनतारा के सहयोग से पशुओं के साथ जुड़ाव बढ़ाने वाला फार्म भी प्रस्तावित है। आसपास के गांवों के लोगों को भी कुछ सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

करीब 15 हजार लोगों का समुदाय बनने की उम्मीद

परियोजना से जुड़े अनुमान के मुताबिक, यहां रहने वाले लोगों, चिकित्सा विशेषज्ञों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित हो सकता है।

इस गैर-लाभकारी परियोजना को जरूरी मंजूरियां मिलने के बाद अलग-अलग चरणों में विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को सुरक्षित आवास के साथ देखभाल, सम्मान और बेहतर जीवन के अवसर उपलब्ध कराना है।

Related Posts