नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। दिवाली से पहले शुरू किए गए अभियान के तहत पहले दिन करीब 15 हजार वाहनों की जांच की गई, जबकि 1,549 वाहनों को दिल्ली की सीमा से वापस लौटा दिया गया। कार्रवाई के दौरान प्रदूषण और वाहन प्रवेश संबंधी नियमों के उल्लंघन पर भारी जुर्माना लगाया गया।

15 हजार वाहनों की जांच, 1,549 वापस लौटाए

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली में चलाए गए जांच अभियान के दौरान करीब 15 हजार वाहनों की जांच की गई। इनमें से 1,549 वाहनों को वापस भेज दिया गया। इसके अलावा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने पर 566 वाहनों के चालान काटे गए।

रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम 5 बजे तक प्रदूषण संबंधी उल्लंघनों के लिए करीब 56.6 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, वाहन प्रवेश संबंधी प्रतिबंधों के उल्लंघन पर भी कार्रवाई की गई। कुल जुर्माने की राशि 68.4 लाख रुपये बताई गई है।

127 चालान जारी, 62 वाहन जब्त

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से वाहनों की जांच की। इस दौरान 127 चालान जारी किए गए और 62 वाहनों को जब्त किया गया। प्रशासन का उद्देश्य प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों पर नियंत्रण लगाना और राजधानी की हवा की गुणवत्ता में सुधार करना है।

दिल्ली जाने से पहले वाहन की श्रेणी जरूर जांचें

अगर आप पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ या किसी अन्य राज्य से अपनी गाड़ी लेकर दिल्ली जाने की योजना बना रहे हैं, तो यात्रा से पहले अपने वाहन की BS श्रेणी, वैध PUC प्रमाणपत्र और दिल्ली में लागू प्रतिबंधों की जानकारी जरूर हासिल कर लें।

नियमों का उल्लंघन करने पर वाहन को दिल्ली की सीमा से वापस लौटाया जा सकता है और नियमानुसार जुर्माना भी लगाया जा सकता है।

Related Posts