बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर अब एक नई सुरक्षा व्यवस्था की गई है । अमरनाथ यात्रा को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इस वर्ष विशेष इंतजाम कर रही हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। प्रशासन ने पहले से ही संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरे, हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं, जिससे यात्रा मार्ग की चौबीसों घंटे निगरानी की जाएगी।
वही अब अनंतनाग जिले की पुलिस ने सर्विस प्रोवाइडर्स ने ‘पहचान ऐप’ लॉन्च किया है। यह एक QR-बेस्ड मोबाइल ऐप है जिसे यात्रा मार्ग और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर काम करने वाले सर्विस प्रोवाइडर्स को रजिस्टर और रेगुलेट करने के लिए बनाया गया है।यह ऐप सर्विस प्रोवाइडर्स का मौके पर ही वेरिफिकेशन करने में मदद करता है इसके साथ ही सभी अधिकृत लोगों का डिजिटल रिकॉर्ड बनाकर, यह ऐप तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को दी जाने वाली सेवाओं में अधिक पारदर्शिता और जवाबदेही लाता है।
इस ऐप से यात्रियों की सुरक्षा और भी ज्यादें सुनिश्चित होगी। अधिकारियों का मानना है कि डिजिटल तकनीक और कड़ी निगरानी व्यवस्था से न केवल सुरक्षा बढ़ेगी बल्कि यात्रा प्रबंधन भी बेहतर होगा। इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि इस वर्ष अमरनाथ यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और व्यवस्थित बनाया जाए।


