हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को जालंधर में आयोजित जनसभा में पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता इस बार चुटकुलों वाली नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास करने वाली सरकार चुनेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनाव के समय छह महीने में नशा खत्म करने और 25 लाख युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन अब तक मुख्यमंत्री भगवंत मान 60 हजार नौकरियां देने की बात कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने पर पंजाब में नशे और अपराध पर सख्ती से कार्रवाई होगी।
सैनी ने हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बिना पर्ची और बिना खर्ची के दो लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। पंजाब में भी यही भर्ती नीति लागू की जाएगी। उन्होंने किसानों को सभी 24 फसलों पर एमएसपी देने की हरियाणा की व्यवस्था का भी जिक्र किया।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना, महिलाओं को आर्थिक सहायता और गरीब परिवारों को सस्ती गैस व आवास देने जैसी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून व्यवस्था सुधारने और विकास कार्यों को गति देने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को समर्थन देने की अपील की।


