पंचकूला, 4 जून : नगर निगम पंचकूला द्वारा आज सेक्टर-15 में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का शुभारंभ नगर निगम की संयुक्त आयुक्त श्रीमती सिमरनजीत कौर ने किया। इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाना तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर वार्ड पार्षद जय कौशिक, आरडब्ल्यूए के सदस्य, स्थानीय निवासी, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री अनिल नैन, सहायक सफाई निरीक्षक (एएसआई) श्री रोहित, सफाई सुपरवाइजर श्री बलिंद्र तथा सफाई कर्मी उपस्थित रहे।
अभियान के दौरान सड़कों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की विशेष सफाई करवाई गई। साथ ही सेक्टर-15 को जीवीपी (गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट) मुक्त वार्ड बनाने की दिशा में विशेष अभियान चलाया गया। वार्ड में मौजूद सभी जीवीपी प्वाइंट्स को समाप्त करने की कार्रवाई की गई, जिससे अब इस वार्ड में कोई भी जीवीपी प्वाइंट नहीं रहेगा।
नगर निगम द्वारा इससे पहले सेक्टर-25 को भी जीवीपी मुक्त वार्ड बनाया जा चुका है। सेक्टर-15 नगर निगम का दूसरा वार्ड है जिसे जीवीपी मुक्त बनाया गया है। अभियान के दौरान क्षेत्र से सभी प्रकार के बागवानी (हॉर्टिकल्चर) वेस्ट को भी उठवाया गया और उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था की गई।
संयुक्त आयुक्त सिमरनजीत कौर ने कहा कि नगर निगम पंचकूला शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद आवश्यक है।
वार्ड पार्षद श्री जय कौशिक ने सभी वार्डवासियों से अपील की कि वे घरों से निकलने वाले गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करके नगर निगम की डोर-टू-डोर कलेक्शन गाड़ियों को ही दें। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग से ही वार्ड को और अधिक स्वच्छ एवं बेहतर बनाया जा सकता है।
नगर निगम पंचकूला ने सभी नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने तथा शहर को स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर स्थान दिलाने के लिए सक्रिय सहयोग करने का आह्वान किया।


