रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत की अगली बड़ी विकास यात्रा में महिलाओं की भागीदारी निर्णायक होगी। उन्होंने कहा कि अब समय महिलाओं को केवल विकास का हिस्सा बनाने का नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व की भूमिका में आगे लाने का है।

अरुंधति भट्टाचार्य की आत्मकथा ‘अपराजिता’ के हिंदी संस्करण के विमोचन कार्यक्रम में अंबानी ने कहा कि कामकाजी महिलाओं और माताओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर सुविधाओं और सहयोग की जरूरत है। इसके लिए कॉरपोरेट जगत को मिलकर एक मजबूत व्यवस्था तैयार करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं के सामने करियर और परिवार के बीच संतुलन की चुनौती अक्सर बड़ी होती है। ऐसे में कंपनियों को ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां महिलाएं बिना किसी रुकावट के अपनी क्षमता का इस्तेमाल कर सकें।

अंबानी ने अरुंधति भट्टाचार्य के करियर को महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि चुनौतियों के बावजूद लगातार सीखते रहना और असफलताओं से सबक लेना अच्छे नेतृत्व की पहचान है।

उन्होंने कहा कि एक अच्छा नेता केवल खुद सफलता हासिल नहीं करता, बल्कि दूसरों को आगे बढ़ने का अवसर देता है और भविष्य के नेताओं को तैयार करता है।

अंबानी ने कहा कि भारत की युवा महिलाओं में आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की इच्छा देखकर देश के भविष्य को लेकर उम्मीद बढ़ती है। उन्होंने भरोसा जताया कि महिलाओं के नेतृत्व से भारत विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।

Related Posts