स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर मोहाली में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल और एसएसपी हरमन्दीप सिंह हांस ने रिहर्सल का निरीक्षण कर समारोह की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
DC कोमल मित्तल ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल ने संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने समारोह से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की दोबारा जांच करने और जहां भी सुधार की जरूरत है, उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
DC ने सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने तथा समारोह से पहले सभी तैयारियां पूरी तरह सुनिश्चित करने को कहा।
12 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
फुल ड्रेस रिहर्सल में 12 शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति, अनुशासन और उत्साह का शानदार प्रदर्शन किया।
परेड की अगुवाई डीएसपी खरड़ ईशान सिंगला ने की। मार्च पास्ट में सरकारी कॉलेज फेज-6 मोहाली, लक्ष्मी तारा राठौर पब्लिक स्कूल सियालबा माजरी, सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल कुराली, शिवालिक पब्लिक स्कूल फेज-6 मोहाली, माता साहिब कौर पब्लिक स्कूल स्वारा और सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोहाना के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दिखी देशभक्ति की झलक
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इनमें सरकारी गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल सोहाना, ब्रुकफील्ड इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल कुराली, एपीजे स्कूल मुंडी खरड़, एनपीएस कुराली, स्कूल ऑफ एमिनेंस फेज-3बी1, शिवालिक पब्लिक स्कूल फेज-6 मोहाली और सरकारी प्राइमरी स्कूल 3बी1 के विशेष बच्चों ने हिस्सा लिया।
SSP ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की
एसएसपी हरमन्दीप सिंह हांस ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को समारोह के दौरान पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस तैनाती के निर्देश दिए।
15 अगस्त को मोहाली में होगा जिला स्तरीय समारोह
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त 2026 को शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में आयोजित किया जाएगा। पंजाब के लोक निर्माण मंत्री स. हरभजन सिंह समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।


