मुंबई/लंदन, 4 दिसंबर 2025: रिलायंस इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड की सहायक कंपनी रिलायंस स्ट्रैटेजिक बिज़नेस वेंचर्स लिमिटेड और सरे काउंटी क्रिकेट क्लब ने द हंड्रेड की मशहूर फ्रेंचाइज़ी ओवल इनविंसिबल्स में साझेदारी का ऐलान किया है। इस समझौते के तहत सरे को 51 प्रतिशत और रिलायंस को 49 प्रतिशत हिस्सेदारी मिली है। इसके साथ ही 2026 से पुरुष और महिला दोनों टीमें ‘MI London’ के नाम से खेलेंगी।
ओवल इनविंसिबल्स द-हंड्रेड के इतिहास की सबसे सफल टीम है, जिसने पांच साल में पांच खिताब जीतकर रिकॉर्ड बनाया है। टीम में सैम-टॉम करन, विल जैक्स, ऐलिस कैप्सी जैसे घरेलू सितारों के साथ राशिद खान, एडम ज़म्पा और मैरिज़ैन कैप जैसे दिग्गज शामिल रहे हैं। द-हंड्रेड ब्रिटेन की प्रोफेशनल क्रिकेट लीग है, जो दुनिया में 100 गेंदों का, अपनी तरह का इकलौता फॉर्मेट है। हर साल जुलाई–अगस्त में, इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) इसके मुकाबले करवाता है। लीग में कुल 8 टीमें खेलती हैं।


