हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसानों को फसल बीमा की पूरी जानकारी देना और पॉलिसी सीधे उनके हाथों में पहुंचाना सरकार का उद्देश्य है। इसी के तहत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत ‘मेरी पॉलिसी मेरे हाथ’ अभियान 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक चलाया जा रहा है।
मंत्री ने कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को बीमा पॉलिसियां वितरित कीं। उन्होंने बताया कि इससे किसानों को फसल बीमा, प्रीमियम और मुआवजे से जुड़ी जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
उन्होंने किसानों से ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत बनाने के लिए किसानों का विकास जरूरी है।
कार्यक्रम में मंत्री ने किसानों को पराली नहीं जलाने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने बताया कि पराली जलाने से जमीन, पर्यावरण और लोगों की सेहत को नुकसान होता है। सरकार पराली प्रबंधन के लिए सब्सिडी पर मशीनें दे रही है। उन्होंने कुरुक्षेत्र में पराली जलाने की कोई घटना सामने न आने पर खुशी जताई।


