हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात की। बैठक में भारत और स्वीडन के संबंध मजबूत करने तथा हरियाणा में निवेश और कारोबार के नए अवसर तलाशने पर चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल द्वारा स्वीडन के साथ संबंध बढ़ाने के लिए किए गए प्रयासों को आगे ले जाना सरकार का लक्ष्य है।

उन्होंने बताया कि मई 2025 में भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य रखा है।

बैठक में शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर भी विचार किया गया। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में मौजूद 18 ड्राई पोर्ट्स का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से स्वीडन के साथ व्यापार और निवेश की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।

स्वीडिश मंत्री बेंजामिन दौसा ने हरियाणा के साथ मिलकर भविष्य की योजनाओं पर काम करने में रुचि दिखाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। इस मौके पर शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे।

Related Posts