हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वीडन सरकार के अंतरराष्ट्रीय विकास सहयोग एवं विदेश व्यापार मंत्री बेंजामिन दौसा से मुलाकात की। इस दौरान भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश और आपसी सहयोग बढ़ाने के मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने स्वीडन के साथ संबंध मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए हैं, उन्हें आगे बढ़ाना हरियाणा सरकार का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि मई 2025 में भारत और स्वीडन ने अपने संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में आपसी व्यापार और निवेश को दोगुना करने का लक्ष्य तय किया है।
बैठक में शिक्षा, कौशल विकास और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने हरियाणा में मौजूद 18 ड्राई पोर्ट्स का जिक्र करते हुए कहा कि इनके जरिए स्वीडन के साथ व्यापार और निवेश के नए अवसर तलाशे जा सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने बेंजामिन दौसा को ‘हैपनिंग हरियाणा’ कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया। बैठक में हरियाणा के शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे।


