केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि स्थानीय निकाय और पंचायतें जितनी मजबूत होंगी, आम लोगों की जरूरतों और अपेक्षाओं को उतनी ही बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा। इसके लिए पंचायतों और स्थानीय निकायों को अपनी आय के स्रोत बढ़ाने के साथ उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल करना होगा।
उन्होंने कहा कि पंचायतों और स्थानीय निकायों के पास मौजूद जमीन और अन्य संपत्तियों का बेहतर उपयोग करके आय बढ़ाई जा सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों के लिए आर्थिक संसाधन उपलब्ध होंगे और संस्थाओं की आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी।
मनोहर लाल ने गांवों की साझा संपत्तियों के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे महीने में कम से कम एक दिन श्रमदान करके गांव की सार्वजनिक संपत्तियों की साफ-सफाई और रखरखाव में सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि गांवों में तालाब, सामुदायिक भवन और अन्य सार्वजनिक संपत्तियों की नियमित देखभाल जरूरी है। इसके लिए केयरटेकर की व्यवस्था बनाई जानी चाहिए, ताकि इन संपत्तियों का सही रखरखाव हो सके और उनका लाभ लंबे समय तक ग्रामीणों को मिलता रहे।


