पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर पंजाब और दुनियाभर में रहने वाले पंजाबियों को बधाई दी। उन्होंने लोगों से गुरु साहिब की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने और सच्चाई, ईमानदारी तथा आपसी भाईचारे के रास्ते पर चलने की अपील की।
संधवां ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने पूरी मानवता को नेक रास्ते पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं हमें ईमानदारी से मेहनत करने, सच बोलने और गलत कामों से दूर रहने का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी मेहनत से रोजी-रोटी कमानी चाहिए और जरूरतमंदों की मदद के लिए अपनी कमाई में से हिस्सा जरूर निकालना चाहिए।
उन्होंने गुरु साहिब के संदेश ‘सरबत दा भला’ का उल्लेख करते हुए कहा कि हमें हमेशा सभी की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करनी चाहिए।
संधवां ने गुरु साहिब की उदासियों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी यात्राओं के माध्यम से मानवता को प्रेम, समानता और सेवा का संदेश दिया। उन्होंने अरदास की कि दुनिया में सभी लोग स्वस्थ, खुशहाल और प्रेम से मिल-जुलकर रहें।


